कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का योगी आद‍ित्‍यनाथ सरकार पर हमला, कहा-अन्याय के विरुद्ध बोलने वाले भेजे जा रहे जेल

0
125

रायबरेली। श्री सरस्वती इंटर कालेज के सामने मंगलवार को विधानसभा स्तरीय कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश सरकार अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने वालों को जेल भेज देती है। उन्होंने उन्नाव, हाथरस की बेटियों व उनके घरवालों के साथ हुए अत्याचार के मामले का जिक्र किया। साथ ही कहा कि गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे द्वारा लखीमपुर में किसानों की जीप से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। इसके विरोध में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पीड़ितों से मिलने गईं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सरकार जनता का भरोसा खो चुकी है। इस बार वह कांग्रेस को जनादेश देने जा रही है।

लल्लू ने कहा कि किसान रातभर जागकर फसलों की रखवाली कर रहे हैं। गोशालाओं में गाय मर रही हैं, लेकिन मुद्दा उठाया जाता तो सरकार जेल में डाल देती है। गन्ना किसान परेशान हैं, उन्हें भुगतान नहीं मिल रहा है। क्रय केंद्रों पर धान की खरीद नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि हर चार घंटे में प्रदेश में एक किसान आत्महत्या कर रहा है। महंगाई चरम पर है। गरीब अपना सिलिंडर नहीं भरा पा रहे हैं। किसानों का बीमा करने वाली गुजराती कंपनी के जरिए 28 हजार करोड़ का घोटाला किया गया है।

प्रदेश प्रभारी ने प्रतिज्ञा की है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को 40 फीसद आरक्षण मिलेगा। प्रदेश में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। ‘लडकी हूं, लड़ सकती हूं’ के नारे से प्रदेश में बदलाव होने जा रहा है। 32 सालों में प्रदेश बर्बादी के कगार पर पहुंच गया है। पार्टी प्रवक्ता विनय द्विवेदी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधि केएल शर्मा का पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। विवेकानंद पाठक, जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी, निशिकांत सिंह, सुरेश त्रिवेदी, प्रियंका रावत, दिलीप तिवारी, रमेश शुक्ल, सत्य प्रकाश पांडेय आदि मौजूद रहे।