प्रदेश कांग्रेस कमेटी भंग होने पर किशोर का बड़ा बयान, बोले पार्टी में ऐसी परंपरा नही रही

0
261

देहरादून। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भंग किये जाने पर टिप्पणी करते हुये सभी पूर्व पदाधिकारियों की प्रशंसा की है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2016 में प्रधानमंत्री मोदी सहित भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, राज्य में कांग्रेस सरकार का क़त्ल करने के लिये तलवार लेकर दौड़ रहे थे, उस वक़्त कांग्रेसजनों ने “लोकतंत्र बचाओ” का संदेश उत्तराखंड के जन-जन तक पहुँचाया। उन्होंने कहा कि इन्ही पदाधिकारियों ने सड़क से विधान सभा तक संग्राम जीतने का कार्य किया। 11 मन्त्रियों, विधायकों द्वारा पार्टी तोड़ने के बावजूद कांग्रेस का कोई भी सदस्य उनके साथ नहीं गया। इन्ही पदाधिकारियों के भरोसे हमने पंचायतों के चुनाव जीते, उप चुनाव जीते। उन्होंने बताया की राज्य में मोदी सरकार द्वारा लगाए गए अघोषित आपातकाल के 50 दिनों के दौरान इन्ही के भरोसे, खुद के संसाधनों से 600 से अधिक लोकतंत्र बचाओ के कार्यक्रम किये गए।
किशोर ने कहा जब दिल्ली में 2014 के लोक सभा चुनाव के बाद कोई सरकार के ख़िलाफ़ आवाज़ नहीं उठा रहा था, उत्तराखंड के कांग्रेस जनों ने जंतर-मंतर पर बड़े “ध्यानाकर्षण धरनो” का आयोजन किया, गांधी जी की अवधारणा के अनुरूप ग्रामीण कांग्रेस का गठन किया। उस दौरान शायद ही कोई दिन रहा हो जब कांग्रेसजन चुप बैठे रहे हों।
उन्होंने कहा कि उन सभी साथियों का ऋण मैं कई जन्मों तक नहीं उतार सकता, जिन्होंने संसाधन विहीन प्रदेश कांग्रेस का हर कार्यक्रम सफल किया।
किशोर ने कहा कि वैसे तो प्रदेश अध्यक्ष के हटाये जाने के साथ ही कमेटी भंग हो जाती है, लेकिन प्रीतम सिंह ने आज तक उसी कमेटी से काम लिया, इसके लिए मैं उनका भी धन्यवाद करता हूँ।
उन्होंने वर्तमान अध्यक्ष प्रीतम पर तंज़ कसते हुए कहा कि कांग्रेस में कमेटी को भंग करने की परम्परा नहीं रही है। नई कमेटी की घोषणा से स्वतः पूर्व कमेटी भंग हो जाती है, उस प्रक्रिया में कोई कार्यकर्ता आहत भी महसूस नहीं करता है।