महंगाई के विरोध में सपाइयों ने निकाली साइकिल रैली,कृषि कानून को भी वापस लेने की मांग

0
297

मेरठ। cycle rally छोटे लोहिया कहे जाने वाले जनेश्वर मिश्र के जन्मदिवस पर सपाइयों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर महंगाई के विरोध एवं किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को मेरठ और आसपास के जिलों में साइकिल रैली निकाली। इस साइकिल रैली में बड़ी संख्‍या में सपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बागपत, बिजनौर, सहारनपुर, बुलंदशहर, शामली, मुजफ्फरनगर आदि जिलों में सपा के कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली का आयोजन किया।

आम आदमी की कमर टूटी

मेरठ के मवाना में कार्यकर्ता साइकिल रैली में भाग लेने के लिए पूर्व विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि के नेतृत्व में उनके आवास पर एकत्र हुए। यहां पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि मौजूदा सरकार ने डीजल-पेट्रोल व रसोई गैस की दरों में वृद्धि करके आमजन की कमर तोड़ने का काम किया है। कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन चल रहा है, लेकिन सरकार के कानो पर जूं नहीं रेंग रही। गरीबों को राशन कार्ड के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। किसानों को फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा है। जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने लगी है। इन्हीं सब समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान साइकिल रैली का आयोजन किया गया है।

इन स्‍थानों से गुजरी साइकिल यात्रा

इसके बाद रैली आरंभ हुई और मुख्य मार्ग व प्रमुख बाजारों से होकर निकली। नगर के अलावा रैली देहात के गांवों में जाएगी। जबकि पूर्व विधायक योगेश वर्मा के नेतृत्व में साइकिल रैली हस्तिनापुर से आरंभ हुई और गणेशपुर से होते हूए मवाना में पक्का तालाब, हस्तिनापुर समेत प्रमुख बाजारों से हुए वापस महादेव मंदिर तक निकाली गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह, विपिन मनोठिया, विपिन भडाना आदि कार्यकर्ता साइकिलों पर सवार होकर अखिलेश जिंदाबाद के नारे लगाते चल रहे थे। हस्तिनापुर में भी जनेश्वर मिश्र के जन्म दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी द्वारा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक योगेश वर्मा के नेतृत्व में निकाली जा रही साइकिल रैली का स्वामी ओमवेश व जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने झंडी दिखाकर रवाना किया।