कांग्रेस छोड़ UP में BJP मजबूती देंगे पूर्व केंद्रीय मंत्री कुंवर जितिन प्रसाद, CM योगी ने किया स्वागत

0
106

लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की यूथ ब्रिगेड की तिकड़ी में से ज्योतिरादित्य सिंधिया के बाद अब कुंवर जितिन प्रसाद के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से देश में लम्बे समय तक शासन करने वाली पार्टी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। युवा ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को मध्य प्रदेश में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है, कुछ ऐसा ही जितिन प्रसाद के भाजपा से शामिल होने से उत्तर प्रदेश में भी होने की संभावना है।

कांग्रेस के बड़े नेता कुंवर जितेंद्र प्रसाद के पुत्र और मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रहे जितिन प्रसाद लम्बे समय कांग्रेस में उपेक्षित थे। कांग्रेस के इस युवा नेता ने समय-समय पर पार्टी को हर बड़े अभियान में आगे बढ़कर नेतृत्व भी दिया। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के बेहद करीबी जितिन प्रसाद को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के चेहरा माना जा रहा था, लेकिन प्रियंका गांधी के पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद से जितिन लगातार हाशिए पर चले गए।

जितिन प्रसाद कांग्रेस के बड़े ब्राहम्ण चेहरों में से एक हैं। जितिन प्रसाद बीते कई दिनों से पार्टी हाईकमान से नाराज थे। वह कांग्रेस में तवज्जो न मिलने और यूपी कांग्रेस के कुछ नेताओं से अपनी नाराजगी जाहिर भी कर चुके थे। जितिन प्रसाद की शिकायत को पार्टी हाईकमान ने नजरअंदाज किया। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तथा पीवी नरसिम्हा राव के मंत्रिमंडल में मंत्री रहे स्वर्गीय कुंवर जितेंद्र प्रसाद के बेटे जितिन प्रसाद भी सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका

उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा के चुनाव होने हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में मैदान में उतरेगी। इस दौरान जितिन प्रसाद को भी बड़ी भूमिका मिलने की संभावना थी, लेकिन उससे पहले ही जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। शाहजहांपुर के राजघराने से ताल्लुक रखने वाले जितिन प्रसाद उत्तर प्रदेश के धौरहरा से कांग्रेस के सांसद रहे हैं।

जितिन प्रसाद ने बुधवार को नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से भेंट करने के बाद रेल मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात की। इसके बाद भाजपा में शामिल हो गए। जितिन प्रसाद ने कहा कि मैंने काफी मंथन के बाद भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया। मैं तो लम्बे समय से कांग्रेस में जनहित के कार्य नहीं कर पा रहा था।

पीएम मोदी का आभार जताया

भाजपा में शामिल होने के बाद जितिन प्रसाद ने पीएम नरेंद्र मोदी का बहुत आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब मेरे जीवन का नया अध्याय शुरु हो रहा है। हम तो तीन पीढ़ी से ही कांग्रेस में थे। अब यह फैसला हमने काफी सोच-समझकर लिया है। पीएम नरेंद्र मोदी तो रात दिन देश की सेवा में लगे हुए हैं। वो नए भारत का निर्माण कर रहे हैं, उसमें मुझे ही एक छोटा सा योगदान करने का अवसर मिलेगा। पीएम मोदी ने गांव-गांव में कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया है, असली में जरूरतमंद लोगों के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि जिस दल में था, वहां मुझे महसूस हुआ कि हम लोग राजनीति कर रहे हैं। यहां हम अपने लोगों के लिए जा सा भी काम नहीं आ सकते तो फिर वहां रहने का क्या मतलब। जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वह तो मेरे छोटे भाई की तरह हैं। उनके भाजपा में शामिल होने पर मुझे खुशी हुई है।

प्रियंका गांधी को गहरा झटका

जितिन प्रसाद के पार्टी छोडऩे से उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी को गहरा झटका लगा है और यहां पर उनकी कार्यशैली पर सवाल भी उठे है। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी के व्यवहार से दुखी होकर जितिन प्रसाद ने भाजपा का दामन थामा है। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जितिन प्रसाद को पार्टी में शामिल करवाया। उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले यह बड़ा सियासी उलटफेर है।

जितिन प्रसाद को बीजेपी में शामिल कराने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यूपी की राजनीति में जितिन प्रसाद की भूमिका अहम होने वाली है। जितिन प्रसाद ने कहा कि मैंने सात-आठ वर्ष में अनुभव किया कि असल मायने में कोई संस्थागत राजनीतिक दल है, वो भारतीय जनता पार्टी है, बाकी दल तो व्यक्ति विशेष और क्षेत्र के हो गए हैं।