MP के CM शिवराज का आरोप : प्रधानमंत्री की सुरक्षा से खिलवाड़ के तार कांग्रेस आलाकमान से जुड़ रहे

0
88

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ हुआ है। यह प्रायोजित साजिश थी। यह सवाल उठता है कि प्रधानमंत्री के रूट की जानकारी आखिर किस ने प्रदर्शनकारियों को दी। जनता के बीच कांग्रेस का ग्राफ गिर रहा है और उसका चरित्र भी गिर रहा है।

उन्‍होंने कहा कि इस साजिश के तार सीधे कांग्रेस आलाकमान से जुड़ते हैं। अगर कोई खतरा था तो सुरक्षा में लगे वे कौन से अधिकारी है जिन्होंने अलर्ट जारी होने के बाद भी सुरक्षा के कदम क्यों नहीं उठा रहे थे।

उन्‍होंने कहा कि एक सवाल और उठता है कि पंजाब के सीएम फोन क्यों नहीं उठा रहे थे। गृह मंत्रालय के अधिकारियों के फोन, यहां तक कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी फोन किया पर नहीं उठाया। आखिर मुख्यमंत्री किस घटना का इंतजार कर रहे थे।

सीएम ने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि साजिश के तार सीधे कांग्रेस कि आलाकमान तक जुड़ते हैं। जिस मार्ग पर प्रधानमंत्री का काफिला फंसा था। वह क्षेत्र पाकिस्तान की सीमा से महज 20 किलोमीटर की दूरी पर था। यदि कोई घटना घटी तो क्या प्रधानमंत्री की सुरक्षा के संबंध में गलत जानकारी देना राष्ट्रद्रोह नहीं है?