निगम मंडल के कर्मचारियों ने मांगी सातवें वेतनमान के एरियर की राशि

0
308

भोपाल । निगम मंडल के कर्मचारियों ने सातवें वेतनमान के एरियर की राशि मांगी है। मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बताया कि निगम मंडलों को छोड़कर बाकी विभागों में कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के एरियर की किश्त का भुगतान किया जा रहा है लेकिन निगम मंडल के कर्मचारियों की फाइलें तीन साल से वित्त विभाग में रोककर रखी है। सेमी गवर्नमेंट एम्प्लाइज फेडरेशन के अध्यक्ष अनिल बाजपेयी और निगम मंडल कर्मचारी महासंघ के महामंत्री चंद्रशेखर परसाई ने बताया कि एमपी एग्रो 20 करोड़ के लाभ में है। निगम द्वारा तीन साल में नौ बार फाइल भेज जा चुकी है। तब भी स्वीकृति नहीं दी जा रही है। कर्मचारियों ने एरियर की राशि देने की मांंग की है।

मंत्री विश्वास सारंग से मिले कर्मचारी

चिकित्सा मंत्री विश्वास सारंग से मप्र लघुवेतन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार मुलाकात की है। महेंद्र शर्मा ने मंत्री को बताया कि पदनाम बदलने की मांग लंबित है, जिसे पूरा करना चाहिए। महंगाई भत्ता, रोकी गई वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाए। मंत्री ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

अभियान चलाकर दें अनुकंपा नियुक्ति

राज्य कर्मचारी आयोग के पूर्व सदस्य वीरेंद्र खोंगल ने अभियान चलाकर मृतक कर्मचारियों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग दोहराई है। वीरेंद्र खोंगल ने दावा किया है कि प्रदेश में 10 हजार मामले लंबित हैं। ये सभी अलग-अलग विभागों के है। इस कारण कर्मचारियों के परिजनों को बहुत परेशानी का सामना करना पड रहा है।