कांग्रेस स्थापना दिवस: भाजपा पर बरसीं सोनिया गांधी, कहा- देश में हो रही तानाशाही, चुप नहीं रहेंगे

0
90

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी आज अपना 137वां स्थापना दिवस मना रही है। कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर कई जगहों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण कार्यक्रम में राहुल गांधी के अलावा कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर सोनिया गांधी ने संदेश जारी किया है। सोनिया ने लगभग साढ़े तीन मिनट के अपने संदेश के दौरान देश की आजादी के लिए कांग्रेस के संघर्ष को याद किया। इसके अलावा उन्होंने भाजपा पर हमला भी बोला।

सोनिया ने कहा, ‘कांग्रेस केवल एक राजनीतिक पार्टी का नाम ही नहीं है बल्कि एक आंदोलन का नाम है।’ सोनिया ने कहा कि आजादी के आंदोलन में कांग्रेस और उसके नेताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जेलों में कठोर यातनाएं झेली और कईयों ने कुर्बानी दी। तब जाकर हमें आजादी मिली।’

हमारी गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटाने की कोशिश हो रही है। देश का आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। लोकतंत्र व संविधान को दरकिनार किया जा रहा है, ऐसे में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती।

आज इतिहास को झुठलाया जा रहा

सोनिया ने अपने संदेश में कहा कि जिन लोगों ने आजादी के आंदोलन में भागादारी नहीं की वे इसकी कीमत नहीं समझ सकते। आज भारत की उस मजबूत बुनियाद को गिराने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। इतिहास को झुठलाया जा रहा है। हमारी गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटाने की कोशिश हो रही है। देश का आम नागरिक असुरक्षित और भयभीत महसूस कर रहा है। लोकतंत्र व संविधान को दरकिनार कर तानाशाही की जा रही है। ऐसे वक्त में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती।’

सोनिया ने आगे कहा कि कांग्रेस देश की विरासत को किसी को भी नष्ट करने की इजाजत नहीं देगी। कांग्रेस पार्टी आम जनमानस, लोकतंत्र की रक्षा के लिए, देशविरोधी और समाज विरोधी साजिशों के खिलाफ हर संघर्ष करेगी और कुर्बानी देगी।