पुतिन और जेलेंस्की को G-20 शिखर सम्मेलन में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति ने किया आमंत्रित

0
316

जकार्ता। रूस और यूक्रेन के युद्ध को दो महीने से ज्यादा का समय हो गया है। इस बीच, इंडोनेशिया ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की दोनों को नवंबर में होने वाले ग्रुप आफ 20 (G-20) शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया है। इस बात की जानकारी इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो (Joko Widodo) ने दी है। एक वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में बोलते हुए विडोडो ने कहा कि इंडोनेशिया शांति प्रयास में योगदान देने के लिए तैयार है। इंडोनेशिया G-20 देशों को एकजुट करना चाहता है। विभाजन नहीं होने देना चाहता है। साथ ही उन्होंने कहा कि शांति और स्थिरता विश्व आर्थिक विकास की कुंजी है।

दोनों ही शीर्ष नेताओं से की टेलीफोन पर बातचीत

उन्होंने कहा कि G-20 विश्व अर्थव्यवस्था की वसूली में एक उत्प्रेरक भूमिका निभाता है। साथ ही कहा कि उन्होंने इस सप्ताह रूस और यूक्रेन के दोनों नेताओं के साथ टेलीफोन पर बातचीत की है।

इंडोनेशिया मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए तैयार

गुरुवार को विडोडो और पुतिन ने फोन पर बातचीत में रूसी-इंडोनेशियाई सहयोग के मुद्दों और जी-20 की गतिविधियों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की थी। वहीं, बुधवार को जेलेंस्की के साथ बातचीत में विडोडो ने यूक्रेन के राष्ट्रपति के हथियारों के अनुरोध को ठुकराते हुए कहा कि इंडोनेशिया मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।

रूस ने यूक्रेन में रातों-रात 389 ठिकानों को बनाया निशाना

इन सब के बीच रूस ने यूक्रेन पर हमले और तेज कर दिए हैं। समचार एजेंसी रायटर के अनुसार रूस ने शनिवार को कहा कि उसकी तोपखाने इकाइयों ने रात भर में 389 यूक्रेनी ठिकानों को निशाना बनाया है। रूस द्वारा किए गए इन हमलों में 35 नियंत्रण प्वाइंट, 15 हथियार और गोला-बारूद डिपो और कई क्षेत्र शामिल थे, जहां यूक्रेनी सेना और उनके हथियार रखे हुए थे। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी मिसाइलों ने चार गोला-बारूद और ईंधन डिपो को निशाना बनाया है।