भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में दो मंत्री भी शामिल, सरगर्मी बढ़ी

0
317

देहरादून। भाजपा को बहुत जल्द नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। संगठन के मंडल स्तर से प्रदेश अध्यक्ष तक के चुनाव की प्रक्रिया 16 जनवरी को समाप्त हो जाएगी। इसी दिन राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्तिथि में नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा।
भाजपा के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने ये जानकारी देते हुए बताया की 15 जनवरी को चुनावों की अधिसूचना जारी हो जाएगी। इसके लिए पर्यवेक्षकों के तौर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान व केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन मेघवाल देहरादून पहुंचेंगे। भट्ट के अनुसार वो अब अपने संसदीय क्षेत्र अल्मोड़ा के विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपनी इच्छा से अवगत कर दिया है। बतौर भट्ट वो नए अध्यक्ष के साथ मिलकर काम करेंगे।
माना जा रहा है की सबसे लंबे समय तक प्रदेश में पार्टी की कमान संभाल चुके भट्ट का विकल्प भाजपा ने ढूंढ लिया है। त्रिवेंद्र सरकार के दो मंत्री मदन कौशिक और अरविंद पांडेय दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। सूत्रों की माने तो भाजपा इस बार राज्य के मैदानी भाग से किसी ब्राह्मण नेता को पार्टी की कमान सौंपना चाहती है। उक्त दोनो नेता भाजपा के अध्यक्ष चयन के फॉर्मूले में फिट बैठते हैं।
उधर, बंशीधर भगत, कैलाश पंत, बलराज पासी जैसे नेता भी अध्यक्ष पद पाने को प्रयासरत बताए जा रहे हैं। परिणाम जो भी हो ये सप्ताह राज्य भाजपा की भीतरी सियासत के लिहाज़ से गर्म रहने वाला है।