मैराथन दौड़ के लिए तैयारियां कर रही कांग्रेस, चुनौती बनेगा 15 हजार महिलाओं का लक्ष्य

0
160

कानपुर,। प्रदेश कांग्रेस कमेटी खासतौर पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा कार्यकर्ताओं को खूब काम दे रही हैं। एक जिम्मेदारी पूरी तो दूसरी का निर्देश आ गया। कांग्रेसी भी पूरे जाेश के साथ निर्देशों का पालन करने में जुट जाते हैं। अब प्रत्येक जिले को महिलाओं की मैराथन दौड़ के निर्देश दिए गए हैं। इसमें महिलाओं की 15 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य भी तय कर दिया गया है। कांग्रेस पदाधिकारियों के लिए यह लक्ष्य जुटाना मुश्किल है फिर भी सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घर के साथ ही पड़ोस से महिलाओं, युवतियों और छात्राओं को लाने की जिम्मेदारी दी गई है।

लड़की हूं लड़ सकती हूं के तहत प्रत्येक जिले में महिला मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश के अन्य जिलों में हुए आयोजन से बेहतर परिणाम आने के बाद अब कानपुर के जिला प्रभारियों पर बड़ी जिम्मेदारी है। बीते दिनों शहर आए पर्यवेक्षकों ने पदाधिकारियों और टिकट के दावेदारों के साथ बैठक कर उन्हें जिम्मेदारी दी। तय हुआ कि मैराथन दौड़ में 15 हजार से ज्यादा महिलाओं की भीड़ को जुटाना है। इसके लिए वार्डवार वार्ड अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई वहीं पदाधिकारियों और टिकट के दावेदारों को भी अलग-अलग जिम्मेदारी साैंपी गई।गौरतलब हो कि सात जनवरी को महिलाओं की मैराथन दौड़ होनी है जिसमें आम महिलाओं के साथ युवतियों, छात्राओं, नौकरी पेशा और प्रोफेशनल कामकाजी महिलाओं को जुटाना पदाधिकारियों के लिए बड़ी चुनौती होगी।उत्तर जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी बताते हैं कि ग्रीनपार्क का चयन इसके लिए किया गया है।प्रशासन से अनुमति मिलते ही कार्यक्रम की तैयारियां शुरू की जाएंगी।पर्चे आदि के माध्यम से महिला मैराथन दौड़ की जन जन तक सूचना पहुंचायी जाएगी।इस मैराथन दौड़ में कांग्रेस के बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।