बरेली में सलमान खुर्शीद ने बताया प्रियंका गांधी का संकल्प, बोले- बिजली बिल हाफ, कोरोना बिल माफ

0
127

बरेली। Congress Pratigya Yatra in Bareilly : ‘हाथ उठता है तो दुआ बनता है… यही हाथ आगे बढ़कर दान देता है, मुट्ठी बनता है तो ताकत देता है’। ‘चिड़िया बैठते वक्त न तो मस्जिद देखती हैं न मंदिर। हम एक हैं एक रहेंगे गंगा से हिन्दू और मुसलमान दोनों शुद्ध हो जाते हैं। देश में पैदा अनाज न हिन्दू देखता हैं न मुसलमान। मासूम फूल सभी को सामान खुशबू देते हैं। फूल नहीं कहता कि मुझे कहां चढ़ाएं और कहां नहीं’। ये बातें वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा के बरेली पहुंचने पर मीरगंज में हुए स्वागत समारोह व नुक्कड़ सभा के दौरान कहीं।

मौजूद लोगों को पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा लिए गए संकल्पों की जानकारी देने के साथ ही किसानों की फसल के लिए बिजली बिल हाफ, कोरोना बिल माफ किए जाने की बात कही। यही नहीं उन्होंने बताया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर 20 लाख नौजवानों को रोजगार मिलेगा। किसानों का कर्जा माफ होगा। जहां भी जिसके साथ जुल्म व अन्याय होगा कांग्रेस वहां खड़ी होंगी।

उन्होंने कहा कि विरोधी प्रचार कर रहे हैं कि कांग्रेस समाप्त हो चुकी है। वे कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से घबरा रहे हैं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को घिनौना बना दिया हैं, विरोधी हमें बांटना चाहते हैं। कांग्रेस ने हवाई अड्डा बना दिया और भाजपा को हवाई जहाज उड़ाने में सात वर्ष लगे। यही नहीं कांग्रेस किसानों की पार्टी है। सभी विपक्षी एक साथ मिलकर कांग्रेस को रोकने में लगे हैं।

इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला, मीरगंज चेयरमैन मो. इलियास, मुराद बेग एडवोकेट, हाजी अली बहादुर खां, नदीम अख्तर, वसीम अकरम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा प्रतिभा पाटिल, ओमवीर सिंह यादव युवा कांग्रेस अध्यक्ष, राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम आदि रहे।

जगह-जगह हुआ स्वागत

गुरुवार को कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा हम वचन निभाएंगे के साथ आचार्य प्रमोद कृष्णम (कल्कि पीठाधीश्वर) एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के नेतृत्व में प्रतिज्ञा यात्रा बरेली पहुंची। यात्रा का मीरगंज में सबसे पहले स्वागत किया गया। देर रात सर्किट हाउस पहुंची यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। शुक्रवार को यात्रा शहर भ्रमण के बाद बदायूं के लिए निकलेगी।