महंगाई- भ्रष्टाचार के खिलाफ ताजनगरी की गली-गली में घूमेंगी समाजवादी साइकिल

0
397

आगरा। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने सक्रियता बढ़ा दी है।छोटे लोहिया यानि जनेश्वर मिश्र की जयंती पर समाजवादी पार्टी ने समाजवादी साइकिल यात्राएं निकालीं। अब ये यात्राएं गली-गली निकाली जाएंगी। इस दौरान बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, पुलिस उत्पीड़न आदि मुद्दों को उठाया जाएगा। इसके साथ ही सपा सरकार की उपलब्धियों और सपा की नीतियों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार ने कहा कि महंगाई आसमान पर है। पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बेरोजगार युवाओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद भाजपा सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई। न व्यापारी सुरक्षित है और न ही आम आदमी। जनता भाजपा सरकार से परेशान हो गई है। ऐसे में लोग अब सपा से उम्मीद लगा रहे हैं। सपा भी लोगों की आवाज को उठाने के लिए सड़क पर उतर चुकी है। महंगाई, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है। अब जल्द ही गली-गली भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ा जाएगा। इसके लिए साइकिल यात्राएं निकाली जाएंगी। जल्द ही इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी। इन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। लोगों को सपा सरकार में हुए कार्यों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि भाजपा सरकार किस तरह से लेागों को गुमराह कर रही है।उसने जनता से जो वादे किए थे, उस पर वह खरी नहीं उतरी है। जबकि सपा सरकार ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया।