सपा महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा को बताया जुमलेबाजों की सरकार

0
301

बरेली : समाजवादी महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष लीलावती कुशवाहा ने भाजपा को जुमलेबाजों की पार्टी करार देते हुए कहा कि यह खुद के घोषणापत्र क्या पूरे करेंगे। यह तो अब तक सपा शासन में कराए गए विकास कार्यों के ही फीते काट रहे हैं। योगी आदित्यनाथ के खुद के शहर गोरखपुर में बेटियों के साथ दुष्कर्म और हत्याओं की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बाकी सूबे का हाल का अंदाजा लगाइए।

लीलावती कुशवाहा बदायूं में आयोजित सम्मेलन में शामिल होने जा रही थी। गुरुवार को वह बरेली आइएमए हाल में आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेंगी। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार में महिला उत्पीड़न पर कहा सपा सरकार ने महिलाओं के लिए हर महीने 500 रुपये की पेंशन योजना शुरू की थी। सरकार बदलते ही पेंशन मिलना महिलाओं को बंद हो गई। हमारी सरकार बनने के बाद पेंशन को शुरू करवाया जाएगा। 500 रुपये की जगह दो हजार रुपये महिलाओं के खातों में पहुंचेंगे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि 12 हजार रुपये में शौचालय कैसे बनता है। कोई बताए। महंगाई इतनी बढ़ गई। सपा सरकार बनने के बाद यही रकम बढ़ाकर 50 हजार रुपये की जाएगी।
विधानसभा चुनाव में बरेली में कितनी सीटों पर महिला प्रत्याशी नजर आएंगी? इस सवाल का उन्होंने जवाब नहीं दिया। बोली कि सिर्फ राष्ट्रीय अध्यक्ष ही इसका जवाब दे सकते हैं। उनसे सवाल किया गया कि प्रिंयका गांधी उत्तर प्रदेश में सक्रिय हैं। वह खुद को यूपी की बेटी बताती हैं। इस पर सपा प्रकोष्ठ की महिला प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, वह तो हमारी बड़ी बहन हैं, दीदी हैं। महिलाओं के हक में लड़ रही हैं अच्छी बात है।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, महानगर महासचिव गौरव सक्सेना, कोषाध्यक्ष रविंद्र यादव, भारती चौहान, नीरज तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।