सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस महीने सभी 190 आक्सीजन प्लांट शुरू हो जाएंगे

0
106

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में स्वास्थ्य अधोसंरचना में दिखी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जा रहा है। इन कमियों में सबसे महत्वपूर्ण थी मेडिकल आक्सीजन। हम प्रदेशवासियों के उपचार में आक्सीजन की कमी नहीं आने देंगे। इसीलिए प्रदेश में आक्सीजन प्लांट लगाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया गया। आज मध्य प्रदेश में स्थापित किए जा रहे 190 आक्सीजन प्लांट में से 88 कार्यशील हैं। इनकी आक्सीजन क्षमता 45 हजार 890 लीटर प्रति मिनट है। सितंबर में 190 प्लांट शुरू हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ही आक्सीजन उत्पादन शुरू हो जाने से अब आक्सीजन आयात करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

हमारा प्रयास है कि सभी जिला मुख्यालयों सहित तहसील स्तर पर भी आक्सीजन प्लांट लग जाएं। जहां आक्सीजन प्लांट नहीं लगे हैं, वहां आक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध करवाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित केंद्रीय मंत्रियों के सहयोग से मध्य प्रदेश को समय पर आक्सीजन की उपलब्धता होती रही। इससे हम प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर में बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाने में सफल रहे।

प्रदेश में स्थापित हो रहे 190 आक्सीजन प्लांट में से 102 प्लांट केंद्र सरकार के सहयोग से लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी के प्रयासों से वर्ष 2021 को मध्य प्रदेश के आक्सीजन उत्पादन में आत्मनिर्भर होने के लिए भी याद किया जाएगा। आक्सीजन प्लांट लगाने के अभियान में बड़े पैमाने पर जन-सहयोग भी मिला है।