कोरोना के प्रकरण बढ़े पर चिंता की बात नहीं : शिवराज, 21 जुलाई से फिर टीकाकरण अभियान

0
144

प्रदेश में पिछले दो-तीन सप्ताह में कोरोना संक्रमण के प्रकरण बढ़े हैं, पर अभी कोविड खतरनाक नहीं है। चिंता जैसी कोई बात नहीं है, फिर भी हम नजर रखेंगे। 21 जुलाई से फिर टीकाकरण के लिए महाअभियान चलाया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों से अनौपचारिक चर्चा में कही।

कैबिनेट बैठक के पहले उन्होंने मंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी के साथ कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर समीक्षा की थी। इसमें अधिकारियों ने बताया कि कोविड अभी खतरनाक नहीं है। 21 जुलाई से हम फिर से टीकाकरण शुरू करेंगे, जो 30 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रयास रहेगा कि अधिकतम व्यक्तियों को वैक्सीन की तीसरी डोज लगवा दें। टीका लगवाने के लिए प्रेरित करने और टीकाकरण के लिए महाअभियान भी चलाया जाएगा।

खनिज साधन मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेंट की केंद्र से प्राप्त ट्राफी

कैबिनेट बैठक में खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने खनिज क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय खान मंत्री प्रल्हाद जोशी द्वारा खनिज क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिली ट्राफी मुख्यमंत्री को भेंट की। उन्होंने बताया कि प्रदेश को खनिज क्षेत्र में खोज, खनिज ब्लाक की नीलामी, प्रक्रियाओं में सुधार, राजस्व में वृद्धि सहित अन्य क्षेत्रों में किए गए कार्यों के लिए दो श्रेणी में तीन करोड़ रुपये का प्रथम और दो करोड़ रुपये का द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। वर्ष 2021-22 में खनिज ब्लाक की सफल नीलामी के लिए प्रोत्साहन के रूप में दो करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी प्रदेश को प्रदान की गई है।