शिवसैनिकों पर हुए हमले को लेकर भड़के उद्धव, बोले- ‘अगर पुलिस नहीं दे सकती सजा तो हम…’

0
166

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व सीएम एवं शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शुक्रवार को उद्धव ठाकरे पार्टी के भायखला दफ्तर का दौरा करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने शिवसेना कार्यकर्ता बबन गांवकर से भेंट की, जिन पर बृहस्पतिवार को देर रात अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया था।

दक्षिण मुंबई के भायखला से यामिनी जाधव MLA हैं, जो शिवसेना के बागी विधायकों में से एक हैं तथा अब वो महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के गुट में सम्मिलित हो गई हैं। पीड़ित कार्यकर्ता से मुलाकात करने के बाद उद्धव ठाकरे ने कहा कि “शिवसेना कार्यकर्ताओं के जीवन से खिलवाड़ करने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि पुलिस अपराधियों को सजा नहीं दे सकती है तो शिवसेना कार्यकर्ता ऐसा करेंगे। पुलिस को राजनीति में नहीं आना चाहिए।” शिवसेना में पड़ी फूट से कार्यकर्ता भी प्रभावित हुए तथा भिन्न-भिन्न गुटों में बंट गए। अब दोनों गुट के कार्यकर्ता आपस में झगड़ा कर रहे हैं। बीते माह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में कई विधायकों ने बगावत कर दी थी, जिसके पश्चात् वो सूरत, गुवाहाटी एवं फिर बाद में गोवा चले गए थे। एकनाथ शिंदे ने बाद में भाजपा के साथ मिलकर सरकार बना ली तथा इस सरकार में देवेंद्र फडणवीस भी उपमुख्यमंत्री बन गए।

आपको बता दें कि 2019 में भाजपा एवं शिवसेना गठबंधन में साथ रहते हुए विधानसभा चुनाव लड़ा था। चुनाव में मिली प्रचंड जीत के पश्चात् सीएम पद को लेकर शिवसेना ने भाजपा से नाता तोड़कर अपनी व‍िरोधी रही कांग्रेस एवं NCP के साथ हाथ मिलाकर सरकार बना ली थी, किन्तु ढाई वर्षों के बाद मंत्री एकनाथ शिंद बागी हो गए तथा दो तिहाई विधायकों को साथ लेकर उद्धव सरकार की सत्ता से विदाई की पटकथा लिख दी।